धमतरी। सड़क दुर्घटना के बाद नई दिल्ली में स्वास्थ्य लाभ ले रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव से मुलाकात करने भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना साहू पहुंचीं। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर उन्होंने अस्पताल में किरण देव की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की।

मुलाकात के दौरान माहौल काफी भावुक नजर आया।रंजना साहू ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट विश्वास और अपनत्व का प्रतीक है। पद और राजनीति से परे आत्मीय रिश्ते सबसे ऊपर होते हैं, ऐसे कठिन समय में अपने भाई के पास पहुंचकर रक्षासूत्र बांधना उनका पारिवारिक कर्तव्य था।उन्होंने कहा कि उनका शीघ्र स्वस्थ होना ही इस पर्व का सबसे बड़ा उपहार होगा।वहीं किरण देव ने भी स्नेहपूर्वक आशीर्वाद प्रदान कर उनके प्रति आभार जताया। दोनों नेताओं के बीच हुई इस आत्मीय भेंट की संगठन स्तर पर भी काफी सराहना की जा रही है।






