धमतरी। ग्राम मुजगहन में पूर्व रंजिश के चलते हुए दीपांशु साहू हत्याकांड में अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस सनसनीखेज मामले में अब तक पकड़े गए आरोपियों की कुल संख्या सात हो गई है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्प्रिंगदार चाकू, बांस का डंडा और कपड़े भी बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

घटना के संबंध में मुजगहन निवासी ऐकेश्वर साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 अक्टूबर की रात करीब 10:20 से 10:30 बजे के बीच सुदामा साहू के घर के सामने मुख्य मार्ग पर पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। रत्नाबांधा एवं पंचवटी कॉलोनी के युवकों ने दीपांशु साहू और विकास साहू पर डंडे व धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दीपांशु को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल विकास साहू का उपचार जारी है।मामले की जांच करते हुए पुलिस ने पहले 22 अक्टूबर को चार आरोपियों फनेश्वर नेताम, रितेश नेताम, लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम और नोहर यादव उर्फ काला को गिरफ्तार किया था। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने 23 अक्टूबर को रत्नाबांधा निवासी शंकर नागरची, तामेश्वर नागरची उर्फ मोनू और धनेश्वर नागरची को भी धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हथियार जब्त कर लिए हैं तथा मामले में आगे की विवेचना जारी है।






