धमतरी। नगर पालिक निगम धमतरी के कोष्टापारा वार्ड में मूलभूत सुविधाओं और अधोसंरचना विस्तार को ध्यान में रखते हुए 11.73 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में सामुदायिक भवन में शेड निर्माण, परिसर सौंदर्यीकरण और विविध विकास कार्यों की नींव रखी गई।भूमिपूजन समारोह के मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा रहे, जबकि अध्यक्षता सभापति कौशिल्या देवांगन ने की।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्यों, विभिन्न वार्डों के पार्षदों और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही।जनसभा को संबोधित करते हुए महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल बुनियादी ढांचे का निर्माण करना नहीं, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक बेहतर नागरिक सुविधाएं पहुंचाना है। कोष्टापारा वार्ड के सामुदायिक भवन में शेड निर्माण और सौंदर्यीकरण से स्थानीय निवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए एक सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि शहर

के सभी वार्डों का संतुलित विकास प्राथमिकता में शामिल है और जनहित से जुड़ी योजनाओं में संसाधनों की कमी नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में विकास की प्रक्रिया तेज हुई है, जिसके अनुरूप धमतरी नगर निगम भी सड़क, नाली, पेयजल, पथ प्रकाश और सामुदायिक परिसंपत्तियों का उन्नयन तेजी से कर रहा है।वार्ड पार्षद संतोष सोनकर ने महापौर की पहल और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन कार्यों से क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो रही है। सामुदायिक भवन में सुविधाएं बढ़ने से वार्ड की सामाजिक गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा।

समारोह में लोक निर्माण विभाग सभापति विजय मोटवानी, भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र पंडित, एमआईसी सदस्य अखिलेश सोनकर, विभा चंद्राकर, पार्षद मेघराज ठाकुर, चंद्रभागा साहू, अनीता अग्रवाल, अज्जू देशलहरे, आशा नंदू लोधी, संजय देवांगन, राकेश चंदवानी, एल्डरमैन अशोक सिन्हा, प्राची सोनी, दिलीप पटेल सहित शिवनारायण छाटा, अजीत साहू, नील पटेल, रुखमणी सोनकर, ज्योति यादव, विशाल शर्मा, खिलेश्वर साहू, राजू सोनकर, उषा निर्मलकर, देवेश साहू, कैलाश साहू, भुवन छाटा, राजू यादव, पप्पू यादव, किशुन ढीमर, रेखा शांडिल्य एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।




