धमतरी। जिले में गंभीर अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना कुरूद क्षेत्र के ग्राम डाही में शराब सेवन के दौरान हुए आपसी विवाद में घटित हत्या की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक धमतरी द्वारा मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता में लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं

एसडीओपी कुरूद के पर्यवेक्षण में थाना कुरूद एवं साइबर थाना धमतरी की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तत्काल जांच करते हुए आरोपियों को दबोच लिया।पुलिस के अनुसार घटना 29 जून 2026 की रात्रि डाही बगदेही मार्ग के बीच शीतला मंदिर के आगे मोबाइल टावर के पास हुई। यहाँ शराब सेवन के दौरान मृतक हुलास मंडावी पिता दीनाराम मंडावी, उम्र लगभग 32 वर्ष निवासी ग्राम डाही एवं अन्य आरोपियों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। विवाद बढ़ने पर मुख्य आरोपी रोशन ध्रुव एवं मुकेश यादव ने आवेश में आकर सड़क किनारे रखे लकड़ी के मोटे लट्ठे से हुलास के सिर पर लगातार प्राणघातक वार किए। इसके पश्चात एक अन्य आरोपी ने पास में पड़े बोल्डर पत्थर से चेहरे एवं

सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव पंचनामा व अन्य वैधानिक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद थाना कुरूद में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। कुरुद व सायबर पुलिस की टीम ने पूरी रात सघन जांच, संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर अथक मेहनत करते हुए मामले का सफल खुलासा किया। पुलिस टीम की कड़ी मशक्कत के बाद घटना में शामिल सभी छह वयस्क आरोपियों और दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लकड़ी का लट्ठा एवं बोल्डर पत्थर भी जब्त कर लिया है।आरोपियों के विरुद्ध थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 197/2026, धारा 103(1), 296(बी), 191(2), 191(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार वयस्क आरोपियों में रोशन ध्रुव पिता स्वर्गीय भोज राम ध्रुव उम्र 21 वर्ष, मुकेश यादव पिता टॉप सिंह यादव उम्र 19 वर्ष, अमन नेताम पिता दववा राम नेताम उम्र 19 वर्ष, रवि शंकर पटेल पिता पोषण राम उम्र 22 वर्ष, चंद्रशेखर पटेल पिता निर्मल पटेल उम्र 22 वर्ष और सागर मरकाम पिता ध्रुव मरकाम उम्र 25 वर्ष शामिल हैं, जो सभी ग्राम डाही के निवासी हैं। इन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों की सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।


