गंगरेल बांध परिसर में सजेगी भव्य स्पर्धा, जय मां कामाख्या जन कल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजन
धमतरी। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गंगरेल बांध में आगामी 14 जून को एक भव्य सायकिल रेसिंग प्रतियोगिता 2026 का आयोजन होने जा रहा है। दशकों बाद होने जा रहे इस बड़े आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों में भारी उत्साह है। जय मां कामाख्या जन कल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में समाजसेवी खूबलाल ध्रुव द्वारा आयोजित इस स्पर्धा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा क्षेत्र में फिटनेस और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना है।जिंजर रेस्टोरेंट में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान आयोजकों ने इस प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत रूपरेखा साझा की।आयोजकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस भव्य स्पर्धा का शुभारंभ रविवार सुबह 6 बजे गंगरेल बांध परिसर से होगा।

प्रतियोगिता में युवा और महिला वर्ग के लिए अलग-अलग रेस आयोजित की जाएगी, जिससे सभी प्रतिभागियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का पूरा अवसर मिल सके। स्पर्धा का मार्ग गंगरेल जलाशय से शुरू होकर कोटाभर्री, बरारी, मुड़पार, रूद्री होते हुए पुनः गंगरेल जलाशय तक निर्धारित किया गया है, जिसकी कुल दूरी लगभग 10 से 12 किलोमीटर होगी। प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी या पंजीयन के लिए प्रतिभागी आयोजक जय मां कामाख्या जन कल्याण सेवा समिति के खूबलाल ध्रुव मोबाइल नंबर 8319255561 पर संपर्क कर सकते हैं।इस स्पर्धा में विजेताओं के लिए बड़े नकद पुरस्कारों की

घोषणा की गई है। पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 50 हजार रुपये, द्वितीय को 25 हजार रुपये, तृतीय को 15 हजार रुपये, चतुर्थ को 5 हजार रुपये, पंचम को 2,500 रुपये तथा छठवां स्थान प्राप्त करने वाले को 1,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसी तरह महिला वर्ग की प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 10 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 5 हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार 2,500 रुपये तथा चतुर्थ पुरस्कार 1,000 रुपये निर्धारित किया गया है।आयोजक खूबलाल ध्रुव ने धमतरी सहित प्रदेशभर के युवाओं और खेल प्रेमियों से इस प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही एक सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला होते हैं। यह आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ बेहतर स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और खेल भावना का विकास करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। आज के दौर में जब युवा वर्ग नशा और अपराध की राह पर तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में उन्हें खेलों से जोड़कर सही दिशा में लाना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही इस आयोजन के माध्यम से बेटियों को खेलों से जोड़ने और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की यह एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी। आयोजकों को पूरी उम्मीद है कि गंगरेल बांध की प्राकृतिक सुंदरता के बीच आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता जिले के खेल इतिहास में एक यादगार अध्याय जोड़ेगी।
आयोजक खूबलाल ध्रुव ने आगे चर्चा में बताया संभवतः विदेश के प्रतिभागी शामिल हो सकते हैं विदेश के प्रतिभागी शामिल होते हैं तो धमतरी के इतिहास में पहली बार होगा


