धमतरी। खरीफ मौसम में किसानों को गुणवत्तायुक्त एवं प्रमाणित बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय निरीक्षण दल ने बड़ी कार्रवाई की है। कुरुद विकासखंड के ग्राम बंजारी स्थित मेसर्स पान सीड्स प्रा. लि. के बीज प्रोसेसिंग एवं भंडारण परिसर में औचक निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर लगभग 75 हजार बोरी धान बीज के विक्रय, आपूर्ति और उपयोग पर

तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। साथ ही संबंधित फर्म को तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।कृषि संचालक राहुल देव के निर्देशन में संचालनालय कृषि एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कंपनी द्वारा बीजों की ग्रेडिंग, प्रोसेसिंग और पैकेजिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जिला कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराई गई थीं। इसके अलावा, लाइसेंस में स्वीकृत किस्मों के अतिरिक्त अन्य किस्मों के बीजों का भंडारण करने और पैकेजिंग सामग्री के उपयोग व वितरण में भी व्यापक गड़बड़ी सामने आई है। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए परिसर में मौजूद कच्चे व ग्रेडेड धान बीज सहित सभी पैकेजिंग सामग्रियों के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। विभाग ने पैक्ड धान बीज के नमूने जब्त कर उन्हें जांच के लिए राज्य बीज परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में संचालनालय कृषि से मयंक बघेल (उप संचालक कृषि), जितेन्द्र ठाकुर (सहायक संचालक कृषि) सहित जिला स्तर से रामकुमार साहू (कृषि विकास अधिकारी एवं बीज निरीक्षक), चेश कुमार सार्वा (कृषि विकास अधिकारी), मयंक नागवंशी और आदित्य कुमार मेश्राम (ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी) शामिल रहे। विभाग ने सख्त हिदायत दी है कि किसानों के हितों की सुरक्षा और बीज अधिनियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए आने वाले दिनों में भी इस तरह का जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा।




