धमतरी। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, ग्राम अछोटा में सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।यह आयोजन 29 जून से 5 जुलाई तक चलेगा। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र के प्रथम दिवस में जिला पंचायत सभापति एवं भाजपा गंगरेल मंडल अध्यक्ष मोनिका ऋषभ देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।उपस्थित किसान बंधुओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि सहकारिता किसानों की आर्थिक समृद्धि एवं ग्रामीण विकास का मजबूत आधार है। उन्होंने बताया

कि सहकारिता सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता एवं किसान हितैषी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं,जिनका उद्देश्य किसानों को शासन की योजनाओं से जोड़ना तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करना है।उन्होंने जोर देकर कहा कि लगातार धान की खेती करने से अत्यधिक पानी की आवश्यकता होती है, जिससे भूजल स्तर निरंतर गिर रहा है। इस स्थिति को सुधारने के लिए किसानों को फसल चक्र परिवर्तन अपनाना चाहिए।दलहन एवं तिलहन जैसी कम पानी वाली फसलों की खेती को बढ़ावा देने से भूमि की उर्वरा शक्ति बनी रहती है, उत्पादन लागत घटती है तथा किसानों की आय में भी वृद्धि होती है। राज्य शासन द्वारा दलहन एवं तिलहन फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसी

का परिणाम है कि धमतरी जिले ने दलहन-तिलहन खरीदी में 50 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि हासिल कर पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने किसानों से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना सहित शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।इस अवसर पर पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष ऋषभ देवांगन, जनपद सदस्य कैलाश देवांगन, सरपंच संतोषी बाई ढीमर, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति के प्राधिकृत अध्यक्ष सोहन लाल यादव, प्राधिकृत अधिकारी वीरेंद्र सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कृषक बंधु एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।



